
बलरामपुर, वाड्रफनगर स्थित पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य एल्युमिनी मीट आयोजित किया गया। यह आयोजन केवल पुनर्मिलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिक्षा, संस्कार और सफलता की यात्रा को समर्पित एक प्रेरक मंच के रूप में उभरकर सामने आया। जिले के जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम भावनात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में वर्षों पहले विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राओं ने अपने संघर्ष, उपलब्धियों और जीवन अनुभवों को साझा किया। भूतपूर्व विद्यार्थियों ने बताया कि किस प्रकार इसी विद्यालय से मिली शिक्षा, अनुशासन और मार्गदर्शन ने उन्हें डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, पुलिस अधिकारी, पत्रकार, व्यवसायी और राजनीति जैसे विविध क्षेत्रों में स्थापित होने का मार्ग प्रशस्त किया।

उनके प्रेरक वक्तव्यों से वर्तमान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ।एल्युमिनी मीट के दौरान विद्यालय की पुरानी स्मृतियां जीवंत हो उठीं। अपने गुरुजनों और सहपाठियों से पुनः मिलकर कई भूतपूर्व छात्र-छात्राएं भावुक नजर आए। विद्यालय प्रांगण में कहीं मुस्कान थी तो कहीं आंखों में भावनाओं की नमी, जिसने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।कार्यक्रम की शोभा वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई। गीत, नृत्य और मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और पूर्व छात्रों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने कहा कि एल्युमिनी मीट जैसे आयोजन विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच सेतु का कार्य करते हैं। इससे नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों और वरिष्ठ विद्यार्थियों से सीखने का अवसर मिलता है और शिक्षा की वास्तविक सार्थकता सामने आती है।

कार्यक्रम में वाड्रफनगर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम जायसवाल, शाला विकास समिति अध्यक्ष रमाकांत गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, बड़ी संख्या में भूतपूर्व छात्र-छात्राएं, विद्यालय के प्राचार्य तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे।सभी अतिथियों ने इस सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार की प्रशंसा करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
एल्युमिनी मीट ने यह संदेश दिया कि सरकारी विद्यालय भी प्रतिभा, संस्कार और सफलता की मजबूत नींव रखते हैं, और जब भूतपूर्व विद्यार्थी एक मंच पर आकर अपने विद्यालय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, तो वह क्षण शिक्षा जगत के लिए प्रेरणा का स्रोत बन जाता है।



