25 वें दिन भी जारी NHM कर्मियों की हड़ताल – 108 फीट चुनरी माता को अर्पित कर जताया आस्था और आक्रोश

बलरामपुर : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) अंतर्गत पदस्थ स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल आज 25वें दिन भी जारी रही। लगातार आंदोलन के चलते अब स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए भगवान की शरण लेने का रास्ता चुना है। इसी कड़ी में उन्होंने मनोकामना रैली निकालते हुए 108 मीटर लंबी चुनरी स्थानीय देवी मंदिर में अर्पित की।

स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है। बार-बार ध्यान आकर्षित करने के बाद भी जब प्रशासन ने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया तो अब उन्हें धार्मिक आस्था का सहारा लेना पड़ा। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं करेगी, आंदोलन जारी रहेगा।
लगातार जारी इस हड़ताल का असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर गहराता जा रहा है। कई स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में इलाज बाधित हो रहा है। ग्रामीण अंचलों में मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

इसी बीच बीते दिनों लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया। तीन माह की मासूम बच्ची को डॉक्टर के निर्देश के बाद भी बिना ऑक्सीजन लगाए रेफर कर दिया गया था, जिसके चलते बच्ची ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने हड़ताल और स्वास्थ्य सेवाओं की बिगड़ती स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और आंदोलनरत स्वास्थ्यकर्मी दोनों को जिम्मेदारी समझते हुए कोई ठोस समाधान निकालना चाहिए, ताकि आम जनता की जान से खिलवाड़ न हो और स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकें।