बलरामपुर

जब अफसरों ने थामी झाड़ू और ब्रश, गांधी जयंती पर साप्ताहिक बाजार का बदला रूप

गांधी जयंती पर साप्ताहिक बाजार की तस्वीर उस वक्त बदली जब कलेक्टर-एसपी-डीएफओ ने थामी झाड़ू और ब्रश

बलरामपुर, 2 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के अवसर पर बलरामपुर के साप्ताहिक बाजार में स्वच्छता ही सेवा की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने खुद झाड़ू थामी और श्रमदान किया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की। उन्होंने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के विचारों को याद करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मअनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

इसके बाद कलेक्टर स्वयं झाड़ू लेकर सफाई अभियान में जुट गईं। उनके साथ एसपी और डीएफओ ने भी श्रमदान किया। अधिकारियों ने बाजार के शेड और बैठक स्थलों की सफाई के साथ-साथ ब्रश से रंग-रोगन भी किया। बेरंग पड़ी दीवारों और बाजार की संरचनाओं को रंग देकर नया रूप दिया गया।

अधिकारियों को आम लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान करते देख स्वच्छता दीदियों, युवा स्वयंसेवकों और नागरिकों में भी उत्साह नजर आया। करीब एक घंटे के सामूहिक श्रमदान के बाद साप्ताहिक बाजार का स्वरूप बदला हुआ नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया गया। लोगों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और समाज को नशे से मुक्त करने में योगदान देने की शपथ ली।

इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद स्वाति गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप एक्का सहित जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां, युवा स्वयंसेवक और नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

error: Content is protected !!