जवाहर नवोदय विद्यालय में लेटरल एंट्री के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 15 अक्टूबर तक मौका

बलरामपुर, 03 अक्टूबर 2026। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, टांगरमहरी में सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए जिले के मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच होना अनिवार्य है।
इसी तरह कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र होंगे। इसके लिए अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2010 से 31 जुलाई 2012 के बीच निर्धारित की गई है।
प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 10 अप्रैल 2027 को आयोजित की जाएगी। पात्र विद्यार्थी निर्धारित अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।



