बलरामपुर

मधुमक्खी हमले में घायल 12 विद्यार्थियों को राहत, शिक्षा विभाग ने दो दिन में मंजूर कराई 3 लाख की सहायता

बलरामपुर, 07 अक्टूबर 2026। जिले में मधुमक्खियों के हमले में घायल हुए 12 विद्यार्थियों को छात्र-दुर्घटना बीमा योजना के तहत आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। प्रत्येक विद्यार्थी को 25 हजार रुपये के हिसाब से कुल 3 लाख रुपये की सहायता राशि मंजूर की गई है।

घटना 5 अक्टूबर को हुई थी। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने अगले ही दिन सहायता राशि के लिए प्रस्ताव लोक शिक्षण संचालनालय को भेजा। 7 अक्टूबर को राशि स्वीकृत कर दी गई। इस तरह घटना के महज दो दिन के भीतर विद्यार्थियों के लिए सहायता राशि मंजूर हो गई।

मधुमक्खियों के हमले के बाद कक्षा 10वीं से 12वीं तक के घायल विद्यार्थियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बलरामपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजगंज और महावीरगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। समय पर उपचार मिलने से अधिकांश विद्यार्थियों की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है। वहीं एक विद्यार्थी का उपचार अभी जारी है।

स्वीकृत सहायता राशि का आहरण कलेक्टर से समन्वय कर किया जाएगा। इसके बाद राशि विद्यार्थियों के परिजनों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे उपचार में हुए खर्च को लेकर उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

छात्र-दुर्घटना बीमा योजना शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आकस्मिक दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित की जाती है। इस मामले में विभाग की ओर से तेजी से की गई कार्रवाई से घायल विद्यार्थियों के परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

error: Content is protected !!