आजादी के रंग में रंगा बलरामपुर,तिरंगा लहराया, गूंजा राष्ट्रगान


बलरामपुर। देशभर के साथ बलरामपुर जिले में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया गया। वहीं स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।








ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और समारोह में मौजूद लोगों ने तिरंगे को सलामी देकर देश के वीर शहीदों को नमन किया। इसके बाद पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी सहित विभिन्न बलों की कुल 13 टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। सांसद चिंतामणि महाराज ने परेड का निरीक्षण कर सभी टुकड़ियों की सराहना की।

समारोह में मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।

इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। समारोह के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और आम नागरिक मौजूद रहे।






