बलरामपुर

नहर निर्माण कार्य में बड़ा हादसा, अजाक्स मशीन के नीचे दबने से चालक की मौत, शव निकालने का अभियान जारी


बलरामपुर। जिले के कोटरहिटांड क्षेत्र में सिंदूर नदी तट पर संचालित नहर निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगी अजाक्स मशीन (चलता-फिरता सीमेंट, बालू और गिट्टी मिश्रण यंत्र) दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब नहर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा था। इसी दौरान अजाक्स मशीन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि चालक मशीन के नीचे दब गया। बताया जा रहा है कि चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। देर शाम तक चालक का शव मशीन के नीचे फंसा हुआ था और उसे बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी था।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी पुलिस को दी और संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर शव को निकालने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
वही जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाएं स्वीकृत की दी हैं। इसी क्रम में सिंदूर नदी तट से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सिंचाई योजना के तहत कोटरहिटांड क्षेत्र में नहर निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जहां यह हादसा हुआ।
फिलहाल प्रशासनिक अमला, पुलिस और निर्माण एजेंसी के कर्मचारी मशीन के नीचे दबे शव को निकालने में जुटे हुए हैं। घटना के कारण निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग मृतक चालक के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Related Articles

error: Content is protected !!