खुद को पाक-साफ बताने वाले जनपद सदस्य जुआ खेलते गिरफ्तार, भाजपा सिंबल के दुरुपयोग के आरोप भी रहे चर्चा में

बलरामपुर। जिले में उस समय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई जब जनपद पंचायत सदस्य (सभापति) दीपक गुप्ता को कथित रूप से जुआ खेलते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने दहेजवार गोठान के पास जंगल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दीपक गुप्ता और रामप्रसाद को मौके से पकड़ा, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य आरोपी फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। मौके से 3 हजार रुपये नगद और 3 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। फरार आरोपियों के संबंध में पुलिस तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ आरोपी जुए में इस्तेमाल की गई रकम लेकर भाग निकले।
गौरतलब है कि दीपक गुप्ता पहले भी विवादों में रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उन पर भाजपा के चुनाव चिन्ह और पार्टी से जुड़ी पहचान का उपयोग कर अधिकारियों पर प्रभाव बनाने का आरोप लगाया जाता रहा है। जबकि पार्टी पदाधिकारियों द्वारा पूर्व में यह स्पष्ट किया जा चुका है कि उन्हें संगठन में कोई अधिकृत पद या दायित्व प्राप्त नहीं है।
इसी बीच कुछ समय पूर्व मीडिया द्वारा उनके निवास सहित अन्य स्थानों से सड़कों पर गंदा पानी बहाए जाने के मामले को भी प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए थे। वहीं पत्रकार के खिलाफ दिए गए आवेदन को लेकर भी क्षेत्र में चर्चाएं हुई थीं।
फिलहाल जुआ प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
(नोट: जुआ प्रकरण में आरोपों की पुष्टि पुलिस कार्रवाई के आधार पर है। अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के अधीन रहेगा।)




