बलरामपुर

जिला पंचायत सीईओ पहुँची ग्राम पंचायत गोविंदपुर पीएम जनमन आवास और आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण

बलरामपुर, 04 दिसम्बर 2025


जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने और लाभार्थियों तक इनका वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने बलरामपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत गोविंदपुर का निरीक्षण किया।

सीईओ ने प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधूरे आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएम जनमन आवास लाभार्थी दृष्टिबाधित कृष्णा पहाड़ी कोरवा से मुलाकात कर आवास निर्माण और प्राप्त सुविधाओं को लेकर चर्चा की। साथ ही बेहतर जीवन के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर कदम पर साथ है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मदद और समयबद्ध सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्र विछीकरचा का निरीक्षण किया। यहां बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण, टीकाकरण, वजन मापन और शिक्षण गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली गई। उन्होंने हिदायत दी कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार का समय पर वितरण हर हाल में सुनिश्चित हो।

सीईओ ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं, इसलिए सुविधाओं में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। अवलोकन के बाद आवश्यक सुधार के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।निरीक्षण के दौरान जनपद सीईओ दीपराज कांत भी मौजूद रहे।

Related Articles

error: Content is protected !!