
वाड्रफनगर,, कहते हैं कि अगर मेहनत सच्ची हो और साथ में सही मार्गदर्शन मिल जाए, तो सफलता खुद रास्ता बना लेती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है आराधना पटेल ने। नेशनल पब्लिक इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा आराधना पटेल ने 96.83 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार उपलब्धि से न सिर्फ स्कूल बल्कि पूरे परिवार का नाम रोशन हुआ है।
आराधना की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्कूल के शिक्षकों ने उन्हें हर विषय में बेहतर मार्गदर्शन दिया, जिससे वह अपनी पढ़ाई को सही दिशा में आगे बढ़ा सकीं। नियमित पढ़ाई, अनुशासन और समय का सही उपयोग उनकी सफलता की खास वजह रही। शिक्षा जगत में कई लोकलुभावन संस्था है जो अपने ओर आकर्षित करती हैं लेकिन बोर्ड के परिणाम न केवल छात्रों का बल्कि स्कूलों का भी परिणाम सुनिश्चित करते हैं।
वहीं, परिवार का सहयोग भी आराधना के लिए बेहद अहम साबित हुआ। एक शिक्षित पारिवारिक माहौल में पली-बढ़ी आराधना को घर से लगातार प्रोत्साहन और सपोर्ट मिलता रहा, जिसने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया।
आराधना की इस उपलब्धि से जहां उनके परिजन बेहद खुश हैं, वहीं स्कूल प्रबंधन और शिक्षक भी गर्व महसूस कर रहे हैं। आराधना का कहना है कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखकर अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहती हैं।
यह सफलता उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं।




