बलरामपुर

बेटी के नाम लगेगा पेड़, तो कभी नहीं कटेगा… कलेक्टर की अनोखी अपील

बलरामपुर:-जिले को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की एक अनोखी अपील इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। अक्सर हम पेड़ लगाने की बात तो करते हैं, लेकिन उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी समय के साथ कम हो जाती है। इसी सोच को बदलने के लिए कलेक्टर ने जिलेवासियों से एक भावनात्मक जुड़ाव के साथ “एक पेड़ मां के नाम” और “एक पेड़ बेटी के नाम” लगाने की अपील की है।

कलेक्टर का मानना है कि बेटी के नाम से लगाया गया एक छोटा सा पौधा जब आने वाले 18 वर्षों में एक विशाल और फलदार वृक्ष बनेगा, तब उस पेड़ से परिवार का एक अनमोल रिश्ता जुड़ चुका होगा। जिस तरह परिवार अपनी बेटी की परवरिश और सुरक्षा करता है, उसी तरह उस पेड़ की देखभाल भी करेगा और उसे काटने का विचार कभी मन में नहीं आएगा।

यह अपील सिर्फ पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सम्मान, स्नेह और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करती है। एक तरफ जहां यह संदेश प्रकृति को बचाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, वहीं दूसरी ओर यह बेटी और प्रकृति दोनों के साथ एक भावनात्मक संबंध स्थापित करने की प्रेरणा भी देता है।

Related Articles

error: Content is protected !!