तीन मासूमों को मिला नया जीवन, रायपुर में सफल हुई क्लेफ्ट लिप-पैलेट सर्जरी

बलरामपुर, 30 सितंबर 2026। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत बलरामपुर जिले की तीन बच्चियों की कटे होंठ एवं तालु यानी क्लेफ्ट लिप-पैलेट की निःशुल्क सर्जरी रायपुर के श्री मेडीशाइन हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक कराई गई।
कुसमी विकासखंड के ग्राम गदामी सबाग की छह माह की लीलावती, ग्राम चटनिया कुरडीह की छह माह की कीर्ति नागेसिया और महराजगंज, बलरामपुर की पाँच माह की साक्षी की सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद तीनों बच्चियां स्वस्थ हैं।
समय पर उपचार मिलने से बच्चियों को दूध पीने, बोलने और सामान्य विकास से जुड़ी संभावित परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। परिजनों ने निःशुल्क उपचार के लिए शासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया।

आरबीएसके के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकृतियों का निःशुल्क उपचार कराया जाता है। यह योजना ऐसे बच्चों के लिए समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने में मददगार साबित हो रही है।





