रायगढ़ में अवैध अफीम खेती का बड़ा खुलासा, झारखंड का आरोपी हिरासत में

रायगढ़: –छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती के मामलों ने एक बार फिर पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, आमाघाट के एक ग्रामीण का खेत तरबूज, ककड़ी और सब्जी की खेती के नाम पर लिया गया था, लेकिन यहां गुपचुप तरीके से अफीम उगाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से झारखंड निवासी मार्शल सांगा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इससे पहले भी प्रदेश में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। दुर्ग जिले में अवैध अफीम खेती पकड़े जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया था। वहीं बलरामपुर जिले में भी लगातार कार्रवाई जारी है।
बलरामपुर के कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी में 10 मार्च को लगभग 5 एकड़ में अफीम की खेती का मामला सामने आया था। इस मामले में संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें जमीन मालिक से लेकर मजदूर तक शामिल थे। पुलिस ने करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपए कीमत के अफीम पौधे और लासा जब्त किए थे।
इसके बाद 12 मार्च को करौंधा थाना क्षेत्र के खजूरी और तुर्रीपानी में भी करीब 2 एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई, जहां से लगभग 2 करोड़ रुपए के पौधे बरामद हुए और 2 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
16 मार्च को इस पूरे नेटवर्क से जुड़े एक-एक आरोपी को झारखंड और बिहार से भी गिरफ्तार किया गया है।
मामले को लेकर एसपी ने कहा है कि इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।



