रोजगार सहायक ने दर्ज कराई ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली की शिकायत आरोपी गिरफ्तार…

बलरामपुर। बसंतपुर में पदस्थ रोजगार सहायक प्रमेश कुमार प्रजापति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पिछले करीब पांच वर्षों से उन्हें लगातार डरा-धमकाकर अवैध वसूली कर रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी मानहानि से जुड़ी खबर प्रकाशित करने की धमकी देकर फोन और नगद माध्यम से वर्षों से रकम वसूलता था।

पीड़ित के मुताबिक आरोपी लगातार मानसिक दबाव बनाता था और खबर प्रकाशित करने की आड़ में पैसों की मांग करता था। लंबे समय तक प्रताड़ना झेलने के बाद उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
कथित पत्रकार रामहरि गुप्ता को पुलिस ने अवैध वसूली और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है,
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार आरोपी पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि वह विभिन्न शासकीय कार्यालयों में सूचना का अधिकार (RTI) के माध्यम से दस्तावेज हासिल कर लोगों पर दबाव बनाकर कथित वसूली करता था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी की कथित गतिविधियों से और कितने लोग प्रभावित हुए हैं।



