बलरामपुर
डीएफओ ने बच्चों के साथ बांटी खुशियां, खिलौने और फल पाकर चहके नन्हे-मुन्ने

बलरामपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे आंगन मिलन सेवा में वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने ग्राम पंचायत महेशपुर के आंगनबाड़ी केंद्र दलधोवा (नवापारा) पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को रंग-बिरंगे खिलौने और फल भेंट किए।

डीएफओ को अपने बीच पाकर आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के चेहरे खिल उठे। खिलौने और फल पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। बाजपेयी ने बच्चों के साथ बैठकर बातचीत की, उनके नाम पूछे और खेल-खेल में उनका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान वनमंडलाधिकारी ने कहा कि बचपन जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है। इस उम्र में बच्चों को मिलने वाला प्यार, पोषण और प्रोत्साहन उनके भविष्य की नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से सीखने से बच्चों की रचनात्मकता और समझ विकसित होती है, वहीं पौष्टिक आहार उनके स्वस्थ विकास के लिए जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों और अभिभावकों से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ने और बच्चों के विकास में सहभागी बनने की अपील की। डीएफओ की इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ खुशी और अपनापन भरा माहौल देखने को मिला।




